Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में क्रिकेट का उत्सव, युवाओं को मिलेगा नया मंच

By Team Lohardaga live

General
मंत्री को बुके देकर अभिवादन करते धीरज साहू

धीरज प्रसाद साहू ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को दिया टूर्नामेंट का आमंत्रण

लोहरदगा। जिले में आगामी क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर उत्साह का माहौल बनता दिख रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।

मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मंत्री को टूर्नामेंट की पूरी रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने आयोजन की तिथि, उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को मंच देने, उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करने और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने का प्रयास है।

धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा की पहचान हमेशा से खेल प्रतिभाओं के लिए रही है। ऐसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और जिले को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि उनकी उपस्थिति खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी और आयोजन को नई ऊर्जा मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि धीरज प्रसाद साहू उनके लिए बड़े भाई और अभिभावक समान हैं। उन्होंने कहा कि धीरू बाबू मेरे बड़े भाई हैं, मेरे मार्गदर्शक हैं। उनके कार्यक्रम में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

मंत्री अंसारी ने कहा कि क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

मुलाकात के दौरान टूर्नामेंट से जुड़ी व्यवस्थाओं, अतिथियों के आगमन, खिलाड़ियों की सुविधा तथा स्वास्थ्य और सुरक्षा से संबंधित तैयारियों पर भी विस्तार से विचार किया गया। धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने की यह पहल सराहनीय है और इससे लोहरदगा जिले का नाम रोशन होगा।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्रिकेट टूर्नामेंट की सफलता को लेकर शुभकामनाएं दीं और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का भरोसा जताया।