Orange hindi lohardaga live

फोरलेन निर्माण स्थल पर अपराधियों का धावा, रोलर में लगाई आग; पुलिस से मुठभेड़ में चली गोलियां

By Pritam

Crime
फोरलेन निर्माण स्थल पर अपराधियों का धावा, रोलर में लगाई आग; पुलिस से मुठभेड़ में चली गोलियां

एनएच-39 परियोजना को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश, बाइक से चंदवा की ओर भाग निकले अपराधी

लोहरदगा। जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन एनएच-39 फोरलेन सड़क परियोजना के कार्यस्थल पर शनिवार देर रात अपराधियों ने एक रोलर मशीन में आग लगाकर दहशत फैलाने का प्रयास किया। आग से रोलर की चालक सीट का कवर और स्टेयरिंग का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल आग पर काबू पा लिया।

घटना के दौरान पुलिस टीम और अपराधियों का आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से करीब पांच राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद अपराधी बाइक से चंदवा की ओर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस टीम अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। निर्माण कार्य में लगे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सतर्क है।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ-साथ घटना के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान की भी जांच कर रही है।

और पढ़ें