लरका आंदोलन के नायक वीर बुधु भगत की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
By Team Lohardaga live

मैना बगीचा में श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक प्रस्तुति और विकास मेले का आयोजन

लोहरदगा। 1832 के लरका आंदोलन के प्रणेता अमर शहीद वीर बुधु भगत की 194वीं जयंती मंगलवार को मैना बगीचा स्थित प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।
मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, कृषि विपणन पार्षद अध्यक्ष रविंद्र सिंह, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत, डीसी डॉ. ताराचंद, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज से पाहन सोमा पाहन, सुभाष पाहन, विनोद उरांव और अन्य पुजारियों द्वारा पूजा-अर्चना से हुई।
शहीदों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता: दीपिका पांडेय सिंह
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने वीर बुधु भगत सहित सभी शहीदों को नमन करते हुए कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, वे समाज की चेतना में जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों को देशवासी सदैव याद रखेंगे। उन्होंने झारखंड में लागू पेशा कानून को कांग्रेस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन सच्चाई सामने आएगी।
वीर बुधु भगत आज भी प्रेरणा के स्रोत: सांसद सुखदेव भगत
सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि वीर बुधु भगत देश के प्रारंभिक स्वतंत्रता सेनानियों में अग्रणी थे, जिन्होंने 1832 में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने पुत्रों हलधर और गिरधर के साथ शहादत दी। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती शहीदों की धरती रही है, जहां जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लोगों ने अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सांस्कृतिक रंग में रंगा समारोह
जयंती समारोह के अवसर पर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए खोड़हा दलों ने पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में ढोल, नगाड़ा और मांदर की थाप पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांसद सुखदेव भगत समेत अन्य अतिथियों ने भी नगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का सामूहिक विमोचन भी किया गया।
विकास मेले में योजनाओं की जानकारी
समारोह स्थल पर विकास मेले का भी आयोजन किया गया, जहां हिंडाल्को सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण अभिनव सिद्धार्थ ने दिया, जबकि संचालन आलोक कुमार साहू ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
