देवस्थल में बप्पा की महाआरती में उमड़ रहा श्रद्धा का जनसैलाब,
By Team orangehindi


महाप्रसाद पाने और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़
लोहरदगा| देवस्थल में गणेश उत्सव के अवसर पर प्रतिदिन भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। बप्पा के दरबार में दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रतिदिन संध्या 7 बजे आयोजित होने वाली महाआरती में अपार जनसैलाब उमड़ रहा है, जिसमें महिलाओं और पुरुषों की संख्या सबसे अधिक देखी जा रही है।
प्रतिदिन शाम होते ही पूरा देवस्थल 'गणपति बाप्पा मोरया' के जयकारों से गुंजायमान हो उठता है। ठीक संध्या 7 बजे होने वाली महाआरती में शामिल होने के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंच रहे हैं। बप्पा की एक झलक पाने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु बप्पा के दरबार में माथा टेक रहे हैं। श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के कारण आयोजकों का उत्साह चरम पर है
महाआरती के संपन्न होते ही समिति और आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। बप्पा का प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शांतिपूर्वक और सुचारू रूप से प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए आयोजक मंडल और समिति के सदस्य दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं। भक्तों को दर्शन में कोई कठिनाई न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए वॉलिंटियर्स हर जगह तैनात किए गए हैं। ताकि सभी भक्त सुलभता से बप्पा के दर्शन कर सकें महाप्रसाद प्राप्त कर सके
आयोजकों का कहना है कि उत्सव के समापन तक श्रद्धालुओं की यह भीड़ और उत्साह इसी तरह बने रहने की उम्मीद है, जिसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम निरंतर पूरे किए जा रहे हैं।