प्रभारी बनने के बाद सुखदेव भगत के आवास पर बधाई देने वालों की भीड़
By Team orangehindi

छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों ने जताई खुशी, सांसद बोले- यह सम्मान लोहरदगा की जनता और कार्यकर्ताओं का
लोहरदगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बनाए जाने के बाद लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत के लोहरदगा स्थित आवास पर रविवार को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से ही लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के अलावा झारखंड के अन्य जिलों से भी समर्थक, कांग्रेस कार्यकर्ता और शुभचिंतक उनसे मिलने पहुंचे। लोगों ने फूल-माला, बुके और शॉल भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलना लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।
बधाई देने पहुंचे लोगों के प्रति आभार जताते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि लोहरदगा की जनता और कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाएगा। वहीं, लोहरदगा के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा।