लोहरदगा में CSR योजनाओं को मिली नई रफ्तार, हिण्डाल्को और बैंकों को सौंपे गए विकास कार्य
By Team Lohardaga live

शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर, उपायुक्त ने तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
लोहरदगा। जिले में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत संचालित विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज एवं विभिन्न बैंकिंग संस्थानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कई नए दायित्व भी सौंपे गए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि CSR के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को सौंपे गए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज को नंदिनी डैम में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए समिति को केज उपलब्ध कराने, टीबी मरीजों के लिए निश्चय किट उपलब्ध कराने तथा सदर अस्पताल के लिए बीएलएस एंबुलेंस की व्यवस्था करने का दायित्व दिया गया। इसके अलावा कुडू, किस्को, सेन्हा और भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे तकनीशियन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा क्षेत्र में भी हिण्डाल्को को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके तहत किस्को प्रखंड के 11 विद्यालयों की मरम्मत, 6 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा पेशरार प्रखंड के 25 विद्यालयों की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक को भी जनहित से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई। बैंक को एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर उपलब्ध कराने के साथ-साथ बहुउद्देशीय भवन और समाहरणालय परिसर में वाटर कूलर स्थापित कराने का दायित्व सौंपा गया है।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि CSR योजनाओं का उद्देश्य केवल संसाधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने हिण्डाल्को और बैंकिंग संस्थानों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की अपील की।
बैठक में पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका चौधरी, नजारत उपसमाहर्ता अभिनीत सूरज, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक तथा हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
