Orange hindi lohardaga live

लोहिया की पुण्यतिथि पर जुटेंगे दफादार-चौकीदार, समस्याओं पर भी होगी चर्चा

By Team orangehindi

General

12 अक्टूबर को पुराने प्रखंड कार्यालय के समीप होगा कार्यक्रम, उपायुक्त से मिलकर मांगों से कराया जाएगा अवगत

लोहरदगा। महान समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि पर 12 अक्टूबर को लोहरदगा में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत की जिला कमेटी की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे पुराने प्रखंड कार्यालय के समीप होगा। इसमें पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष समशुल अंसारी ने बताया कि समारोह में डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों, सामाजिक योगदान और उनके आदर्शों को याद किया जाएगा। साथ ही जिले के दफादारों और चौकीदारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संगठन का उद्देश्य कर्मियों की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराना है।

श्रद्धांजलि समारोह के बाद संगठन का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मुलाकात कर दफादारों एवं चौकीदारों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराएगा। जिलाध्यक्ष समशुल अंसारी ने जिले के सभी दफादारों और चौकीदारों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से संगठन की मांगों को मजबूती मिलेगी और समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जा सकेगी।

और पढ़ें