बरवाटोली चौक और ईस्ट गोला रोड में रोजाना जाम, स्कूली बच्चों और आम लोगों की बढ़ रही परेशानी
By Teem Lohardaga live

व्यापारियों द्वारा सड़क पर बड़ी गाड़ियां खड़ी कर सामान उतारने से हालात बिगड़े, जान-माल का खतरा बढ़ा

लोहरदगा। शहर के बरवाटोली चौक और ईस्ट गोला रोड में रोजाना लगने वाले जाम से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद मुश्किल होती जा रही है। सुबह और शाम के समय इन इलाकों में जाम लगने से बच्चों के स्कूल आने-जाने में दिक्कतें बढ़ जाती हैं और किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यापारियों द्वारा सड़क पर ही बड़ी गाड़ियां खड़ी कर सामान अनलोड किया जाता है, जिससे मुख्य सड़क पर अवरोध उत्पन्न होता है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे पैदल यात्रियों, दोपहिया चालकों और स्कूली बच्चों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
शहरवासियों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और सड़क पर वाहनों को मनमाने ढंग से खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
