भंडरा थाना पहुंचे डालसा सचिव, विधिक सहायता और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
By Team Lohardaga live

औचक निरीक्षण में अभिलेखों, थाना कार्यप्रणाली की समीक्षा; जरूरतमंदों को समय पर निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
भंडरा (लोहरदगा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मनोरंजन कुमार ने मंगलवार को भंडरा थाना का औचक निरीक्षण कर थाना स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, अभिलेखों के संधारण और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों, विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ अधिवक्ता भूपेंद्र कुमार, पारा विधिक स्वयंसेवक दीपक कुमार साहू और रोहित कुमार तमेड़ा भी मौजूद रहे। भंडरा थाना पहुंचने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता एवं पुलिसकर्मी रामदेव मोची ने निरीक्षण दल का स्वागत किया।
डालसा सचिव ने थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मनोरंजन कुमार ने पारा विधिक स्वयंसेवक दीपक कुमार साहू को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी आम जनता के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सकारात्मक व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ और प्रभावी न्याय पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और विधिक सेवा संस्थाओं के बेहतर समन्वय से न्याय प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।