60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के 38वें दिन हिसरी में पहुंची डालसा टीम
By Team orangehindi

नुक्कड़ नाटक और डोर-टू-डोर अभियान के जरिए ग्रामीणों को कानूनी सहायता व जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
लोहरदगा। नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देश पर चल रहे 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को 38वें दिन किस्को प्रखंड अंतर्गत हिसरी पंचायत के छोट चोरगाई गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राज कमल मिश्रा तथा डालसा सचिव मनोरंजन कुमार के आदेशानुसार पीएलवी शाहिद हुसैन, निशा कुमारी एवं कलिंदर उरांव ने ग्रामीणों के बीच डोर-टू-डोर संपर्क कर विभिन्न कानूनी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान जागरूकता शिविर के साथ नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। लोकनाथ लोहरा कला जत्था टीम के कलाकारों के सहयोग से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को निशुल्क कानूनी सहायता, एसिड हमले के पीड़ितों के लिए कानूनी सेवा, मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों को न्याय तक पहुंच, मानव तस्करी, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।
पीएलवी टीम ने ग्रामीणों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 समेत अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसके अलावा साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, भूमि संबंधी अधिकार एवं साक्षरता, नशा मुक्ति और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम निबंधन शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों का श्रम निबंधन कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और कानूनी एवं सामाजिक जागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त की।