लोहरदगा में डांडिया की धूम, रंग-बिरंगे परिधानों में थिरके लोग
By Team orangehindi




केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, संगीत और नृत्य के बीच दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
लोहरदगा। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, लोहरदगा के तत्वावधान में मुद्रिका बैंक्विट हॉल में आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव में उत्साह और उमंग का अनूठा नजारा देखने को मिला। पारंपरिक संगीत की धुन, डांडिया की थाप और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निशा भगत एवं रोहित प्रियदर्शी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा करकेटा शामिल हुईं। अतिथियों का स्वागत किया गया। मौके पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर चर्चा हुई।
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार साहू ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज को एक सूत्र में बांधते हैं। डांडिया महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक डांडिया नृत्य और संगीत आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे आयोजन में आपसी सहयोग, भाईचारे और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में सुमित कुमार राय, गोलू सिंह, नितेश प्रजापति, राजन मेहता, कुणाल वर्मा, बसंत साहू, नीरज साहू, निखिल अग्रवाल, कुशल मित्तल, रोहित साहू, कुलदीप कुमार, कुणाल यादव, गौरव अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, कपिल देव मिश्रा, निखिल गर्ग, मिथलेश वर्मा, विक्की महतो और तुषार आरव सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, सदस्यों, सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।