जे एम एस इंग्लिश मीडियम स्कूल में डांडिया महोत्सव आयोजित
By Team Lohardaga Live

सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति से जोड़कर रखता है। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है।
लोहरदगा। जे एम एस इंग्लिश मीडियम स्कूल हरमु में शनिवार को बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर पूरे दिन संगीत और उल्लास से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती दीपा शिखर, निर्देशिका श्रीमती सुषमा सिंह और रमेश खलको द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ दुर्गा की आराधना के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने समूहों में सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यालय के सभी बच्चों ने डांडिया नृत्य कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय की निर्देशिका एडवोकेट श्रीमती सुषमा सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति से जोड़कर रखता है। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है और डांडिया और गरबा के बीच के अंतर को बताया। इसके साथ ही उन्होंने सभी को दुर्गापूजा की शुभकामनाएँ दीं।
इस मौके पर विद्यालय के सभी बच्चे और शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम में आनंद, उमंग और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
