Orange hindi lohardaga live

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी ने की बैठक, बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

By Team orange hindi

Administrative
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी ने की बैठक, बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

15 अगस्त को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, टॉपर्स, खिलाड़ियों और बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को किया जाएगा सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी ने की बैठक, बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा, सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था, परेड, यातायात और सम्मान समारोह सहित कई बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सुबह आठ बजे से होगा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 8 बजे से शहर में स्थापित महापुरुषों एवं विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम शुरू होगा। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी शंख नदी के समीप एवं समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा, गुदड़ी बाजार स्थित महात्मा गांधी, अजय उद्यान एवं समाहरणालय परिसर स्थित एसपी अजय सिंह, उपायुक्त कार्यालय के समीप बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, पावरगंज चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सोमवार बाजार स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा मैना बगीचा स्थित वीर बुधू भगत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।

बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यहां सुबह 9:05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अलावा उपायुक्त आवास में सुबह 7:45 बजे और समाहरणालय परिसर में 10:30 बजे ध्वजारोहण होगा। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन, परियोजना निदेशक आईटीडीए द्वारा आईटीडीए कार्यालय परिसर तथा अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सुबह 11 बजे अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया जाएगा। जिले के सभी कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे। जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना में सुबह 11:15 बजे ध्वजारोहण होगा।

पूर्व संध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आईटीडीए परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, लाइट और साउंड के साथ हॉल में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शहर की सफाई और प्रतिमाओं के रंग-रोगन पर जोर

स्वतंत्रता दिवस को लेकर नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद को महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। बीएस कॉलेज स्टेडियम, समाहरणालय, उपायुक्त आवास, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय एवं आवास तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में भी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। शहर की नालियों और कूड़ा-कचरा की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मुख्य समारोह में एंबुलेंस और चिकित्सा टीम रहेगी तैनात

मुख्य समारोह के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बीएस कॉलेज स्टेडियम में एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार तथा ग्लूकोज और ओआरएस की व्यवस्था रहेगी। सिविल सर्जन को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर स्टेडियम में फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाएगी।

15 अगस्त को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक लोहरदगा के शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

टॉपर्स और खिलाड़ियों समेत कर्मियों को मिलेगा सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले के 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पिछले एक वर्ष में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

परेड में पुलिस, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियां लेंगी हिस्सा

मुख्य समारोह में परेड का भी आयोजन होगा। इसमें जिला आरक्षी बल की तीन टुकड़ियां, महिला पुलिस बटालियन की एक टुकड़ी, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की एनसीसी छात्राएं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू नदिया हिंदू उच्च विद्यालय की एनसीसी टुकड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना की एनसीसी टुकड़ी तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियां शामिल होंगी। परेड का पूर्वाभ्यास 10 से 13 अगस्त तक बीएस कॉलेज स्टेडियम में किया जाएगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, नजारत उप समाहर्ता अभिनीत सूरज सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें