Orange hindi lohardaga live

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीडीसी ने दिए सख्त निर्देश

By Team orange hindi

Administrative
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीडीसी ने दिए सख्त निर्देश

नामांकित सभी बच्चों को शत-प्रतिशत मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर जोर

लोहरदगा। जिले में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

मध्याह्न भोजन की स्थिति पर विशेष फोकस

बैठक में मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान विद्यालयवार नामांकन और भोजन से आच्छादित विद्यार्थियों की स्थिति की जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय में नामांकित एक भी विद्यार्थी मध्याह्न भोजन के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। नामांकन और भोजन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में अंतर वाले विद्यालयों को चिह्नित कर इसके कारणों की समीक्षा करने को कहा गया।

बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के निर्देश

डीडीसी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने पर भी जोर दिया। साथ ही विद्यालयों में नियमित रूप से ‘तिथि भोजन’ आयोजित कराने और मध्याह्न भोजन योजना की एसएमएस आधारित मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

यू-डायस और APAAR ID के काम में तेजी लाने को कहा

बैठक में यू-डायस के तहत विद्यालय, शिक्षक और विद्यार्थियों से संबंधित प्रोफाइल को अपडेट करने की स्थिति की भी समीक्षा हुई। विद्यार्थियों के आधार तथा APAAR ID अपडेट करने के लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

उपस्थिति में सुधार पर विशेष जोर

विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। ई-विद्यावाहिनी एप पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की नियमित एवं शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने को कहा गया। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं है, वहां सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया। शिक्षकों की उपस्थिति भी नियमित रखने पर जोर दिया गया।

आवासीय विद्यालयों की गतिविधियों की समीक्षा

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने इन संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने की बात कही।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीपीओ समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

और पढ़ें