Orange hindi lohardaga live

हेसल में मिले शव की हुई पहचान, परिजन पहुंचे अस्पताल

By Team orangehindi

General
हेसल में मिले शव की हुई पहचान, परिजन पहुंचे अस्पताल

लावागाई के अमर महली के रूप में हुई मृतक की पहचान, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर हेसल गांव स्थित मंदिर के समीप मंगलवार सुबह मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के लावागाई निवासी अमर महली पिता लच्छू महली के रूप में हुई है।

बताया गया कि सुबह सड़क पर अज्ञात शव मिलने की खबर प्रसारित होने के बाद मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान अमर महली के रूप में की। पहचान होने के बाद सदर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। एएसआई दीपक गुप्ता ने शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद मंगलवार शाम करीब पांच बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे तक अमर महली को सड़क के आसपास देखा गया था। बताया गया कि वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था। स्थानीय लोगों ने उसे सड़क से हटाने का प्रयास भी किया था। मंगलवार सुबह उसका शव सड़क पर मिला। प्रारंभिक तौर पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मौके पर स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, चौकीदार समशूल अंसारी, बरतु उरांव, सयूब अंसारी सहित मृतक के परिजन मौजूद थे।

और पढ़ें