लोहरदगा में असिस्टेंट डॉक्टर की झाड़ियों में मिली लाश
By Team Lohardaga live

बाइक शाम में मिली थी, सुबह खोज के दौरान झाड़ी से बरामद हुआ शव, ठंड लगने से मौत की आशंका
लोहरदगा। जिले के शहरी क्षेत्र स्थित मैना बगीचा से संदिग्ध परिस्थिति में सरकारी कर्मी का शव मिला है शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। शव की पहचान संजय गांधी पथ निवासी 55 वर्षीय असिस्टेंट डॉक्टर राजीव कुमार, पिता रामस्वरूप शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार कल शाम घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें सचिवालय जाना है। देर शाम उनकी बाइक मैना बगीचा बाजार के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी मिली। परिजन व स्थानीय लोगों ने रात में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह दोबारा खोजबीन की गई, जिसके दौरान बाजार के समीप स्थित झाड़ियों में एक शव देखने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि राजीव पिछले 20 वर्षों से पशुपालन विभाग में अपनी सेवा दे रहे थे। प्रारंभिक अनुमान है कि ठंड लगने की वजह से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
