कुडू के कालीपुर मसना में दफन मिला नवजात का शव, इलाके में सनसनी
By Team orange hindi

रात में मसना के पास खड़ी दिखी संदिग्ध बाइक, सुबह ताजा गड्ढा मिलने के बाद हुआ मामले का खुलासा

लोहरदगा। कुडू थाना क्षेत्र के कालीपुर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के मसना में दफन एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नवजात का शव मिलने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार कालीपुर गांव में बंसीलाल उरांव के घर के सामने बच्चों का मसना स्थित है। बुधवार रात ग्रामीण किशुन महली ने मसना के समीप एक संदिग्ध बाइक खड़ी देखी थी। हालांकि, उस समय बाइक को लेकर किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया।
गुरुवार सुबह मसना के पास लोगों की नजर एक ताजा खोदे गए गड्ढे पर पड़ी। गड्ढे को देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और इसकी सूचना तत्काल कुडू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने आसपास के लोगों से यह भी जानकारी लेने का प्रयास किया कि पिछले एक-दो दिनों में गांव अथवा आसपास किसी नवजात या बच्चे की मौत हुई है या नहीं। ग्रामीणों द्वारा ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं दिए जाने के बाद पुलिस ने संदिग्ध गड्ढे की जांच कराई।
जांच के दौरान गड्ढे से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और हैरानी का माहौल देखा गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को मसना में किसने दफनाया। बुधवार रात मसना के समीप संदिग्ध बाइक देखे जाने की बात भी जांच के दौरान महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही नवजात की पहचान करने तथा शव को वहां दफनाने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी अन्य परिस्थिति में हुई अथवा मामले के पीछे कोई आपराधिक पहलू है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।