एमबी डीएवी विद्यालय में महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि मनाई गई
By Team Lohardaga live

शैक्षणिक योगदान को किया गया याद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा में प्राचार्य जी.पी. झा के नेतृत्व में महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि के अवसर पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके शैक्षणिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
महात्मा नारायण दास ग्रोवर (15 नवम्बर 1923 – 6 फरवरी 2008) भारत के प्रमुख शिक्षाविद और आर्य समाज के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने दयानंद ऐंग्लो-वैदिक कॉलेज आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपना संपूर्ण जीवन डीएवी संस्थाओं के विकास को समर्पित कर दिया। उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल पटना प्रक्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक तथा डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। बिहार, बंगाल, ओडिशा और झारखंड के दूरस्थ, पिछड़े एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उनके प्रयासों से 200 से अधिक विद्यालयों की स्थापना हुई, जो आज भी सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा नारायण दास ग्रोवर के चित्र पर प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मंच संचालन शिक्षिका अर्चना राय ने किया। संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक एवं शितेश कुमार पाठक ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाया।
कक्षा सातवीं की छात्रा आर्या सिंह एवं हर्षिता कुमारी ने भाषण प्रस्तुत किए। शिक्षक अमरनाथ झा ने महात्मा ग्रोवर के संपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। कक्षा द्वितीय की नमीरा साजिद, आलिका अंबर, निधि कुमारी तथा कक्षा पहली के आकर्ष पंकज ने कविता पाठ किया। यूकेजी की वैभवी शाह ने महाभारत पर आधारित मधुर गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर झारखंड सरकार द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा चित्रांकन प्रतियोगिता 2025-26 के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कृति कुमारी यादव, भावेश शर्मा, काव्य बंका, सृष्टि शगुन, निशिका आलिया पन्ना, भाव्या सिंह, नंदनी कुमारी, तृषा कुजूर, प्राची कुमारी, खुश केसरी, शिवांजलि कुमारी एवं जागृति कुमारी शामिल रहीं। भाषण, कविता एवं तबला वादन प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थी रिशीथ राज दास को भी पुरस्कार देकर उत्साहित किया गया।
प्राचार्य जी.पी. झा ने कहा कि महात्मा नारायण दास ग्रोवर का जीवन देश व समाज की सेवा का प्रेरक उदाहरण है, जिससे सभी को सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में धर्म शिक्षक जितेंद्र मेहेर द्वारा विद्यालय प्रांगण में हवन का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सीबीएसई द्वारा निर्देशित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के नवें संस्करण का आयोजन भी विद्यालय के भौतिक हाल में किया गया। सुबह 10 बजे से प्रधानमंत्री की ऑनलाइन उपस्थिति में देशभर के विद्यार्थियों से परीक्षा संबंधी संवाद, सुझाव एवं मार्गदर्शन किया गया। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव के रूप में लेने और बिना डर के अपने ज्ञान का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने की सलाह दी।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में चमक लाल महतो, विक्की कुमार, ए.के. मिश्रा, अविनाश कुमार एवं एस.के. पाठक का विशेष योगदान रहा।
