लोहरदगा में मैट्रिक के 17 और इंटर के 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित करने का निर्णय
By Team orangehindi

12 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, केंद्र चयन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक
लोहरदगा। वर्ष 2027 की वार्षिक मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित चयन समिति की बैठक में मैट्रिक के लिए 17 और इंटरमीडिएट के लिए 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।
झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित बैठक में परीक्षा केंद्रों के चयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रशासन का जोर परीक्षा के सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन पर रहा।
जिले में वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा में कुल 6,669 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में 5,043 परीक्षार्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों में कला संकाय के 4,142, विज्ञान के 614 और वाणिज्य संकाय के 287 विद्यार्थी शामिल हैं। इस तरह दोनों परीक्षाओं में कुल 11,712 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बैठक में परीक्षा केंद्रों के चयन के साथ परीक्षा संचालन की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल सहित चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।