Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में सजी “दीवाली हाट” स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को मिल रहा नया बाजार

By Team Lohardaga live

Administrative
मंच पर उपस्थित अतिथिगण
मेला का भ्रमण करते अतिथिगण

लोहरदगा। जिले के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद की पहल पर स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाहरणालय मैदान, लोहरदगा में दो दिवसीय दीवाली हाट का शुभारंभ किया गया। यह विशेष मेला 16 और 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव और राज्य सभा सांसद धीरज साहू शामिल हुए। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

दीवाली हाट में जिले के कुम्हारों, बांस शिल्पकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक समूहों और पारंपरिक कारीगरों के लिए नि:शुल्क स्टॉल की व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर सकें।

मेले में मिट्टी के दीये, बांस से बनी टोकरी, सूप, मोमबत्तियां, माला, तोरण, झालर, दोना-पत्तल, देव मूर्तियां, मिट्टी के खिलौने, पूजन सामग्री, साथ ही स्थानीय मिठाइयां, लावा, मुढ़ी, करंज तेल जैसे स्वदेशी उत्पादों की बिक्री हो रही है।

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि यह दीवाली हाट हमारे जिले के कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए बड़ा अवसर है। ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करते हैं और लोगों को स्थानीय उत्पादों की ओर आकर्षित करते हैं।

वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा की मिट्टी में हुनर की कोई कमी नहीं है। जरूरत है केवल मंच देने की। यह मेला उन मेहनतकश लोगों के परिश्रम को सम्मान देने का सुंदर प्रयास है।

इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि दीपावली के अवसर पर यह मेला स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और कारीगरों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जिले के लोग त्योहारों में भी स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्थानीय कारीगरों का सहयोग करें।