Orange hindi lohardaga live

सहायक पुलिसकर्मियों के स्थाईकरण की मांग को लेकर सांसद सुखदेव भगत से मिले प्रतिनिधिमंडल

By Team orange hindi

General
सहायक पुलिसकर्मियों के स्थाईकरण की मांग को लेकर सांसद सुखदेव भगत से मिले प्रतिनिधिमंडल

झारखंड सहायक पुलिस एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, सेवा विस्तार, मानदेय वृद्धि और सरकारी सुविधाएं देने की मांग

लोहरदगा। झारखंड सहायक पुलिस एसोसिएशन, लोहरदगा जिला के प्रतिनिधिमंडल ने लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत से उनके आवास पर मुलाकात कर सहायक पुलिसकर्मियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा स्थाई करने सहित अन्य मांगों को लेकर समुचित पहल करने का आग्रह किया।

जोखिम भरी परिस्थितियों में निभा रहे जिम्मेदारी

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद को बताया कि झारखंड के सहायक पुलिसकर्मी पिछले कई वर्षों से अल्प मानदेय पर राज्य की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नक्सल ऑपरेशन, चुनाव ड्यूटी, पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधानसभा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण एवं जोखिम भरे कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा अभी तक अस्थाई है, जिससे उनके भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी हुई है।

सेवा स्थाई करने समेत कई मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के सभी सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा का विस्तार करते हुए स्थाईकरण अथवा नियमितीकरण करने की मांग की। इसके अलावा मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, वर्दी भत्ता, चिकित्सा सुविधा, बीमा तथा अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई।

2500 से अधिक कर्मियों के परिवारों में चिंता

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से पूर्व में सेवा विस्तार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे राज्य के 2500 से अधिक सहायक पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों में निराशा और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।

सांसद ने दिया हरसंभव पहल का भरोसा

प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सहायक पुलिसकर्मी राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विषम परिस्थितियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनकी निष्ठापूर्ण सेवा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा विस्तार एवं स्थाईकरण की मांग को गंभीरता से लिया जा रहा है। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे संबंधित गृह विभाग के मंत्री एवं राज्य के डीजीपी के समक्ष उनकी मांगों को मजबूती से रखेंगे तथा समुचित कार्रवाई के लिए हरसंभव पहल करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में गुड्डू मुंडा, विजय राम, संजय उरांव, प्रियंका टोप्पो, सरिता कुमारी सहित झारखंड सहायक पुलिस एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

और पढ़ें