पाखर माइंस की चालान दूरी में सुधार की मांग, खान सचिव को सौंपा ज्ञापन
By Team orangehindi

उचित दूरी दर्ज नहीं होने से ट्रक मालिकों और चालकों को जांच के दौरान परेशानी का आरोप
लोहरदगा। पाखर लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ हुसैन बाबलू ने खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल को ज्ञापन सौंपकर ट्रक मालिकों और चालकों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से पाखर माइंस से हेंसल साइडिंग तक माइनिंग चालान में दर्ज दूरी का मामला उठाया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि चालान में दर्ज दूरी वास्तविक सड़क दूरी से कम है। इसके कारण ट्रक चालकों को निर्धारित समय में हेंसल साइडिंग पहुंचने में कठिनाई होती है। समय को लेकर होने वाली जांच के दौरान ट्रक मालिकों और चालकों को परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
एसोसिएशन ने विभागीय सचिव से मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कराने, चालान में सही दूरी दर्ज करने तथा स्थायी समाधान होने तक ट्रक मालिकों और चालकों को अनावश्यक कार्रवाई से राहत देने की मांग की है।
अध्यक्ष आरिफ हुसैन बाबलू ने कहा कि ट्रक मालिक और चालक नियमों का पालन करते हुए कार्य करना चाहते हैं। चालान में दूरी संबंधी विसंगति के कारण उत्पन्न समस्या का समाधान विभागीय स्तर पर ही संभव है। उन्होंने सचिव से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि विभाग मामले की जांच कर ट्रक मालिकों की समस्याओं का उचित समाधान करेगा।