नगर परिषद से दुर्गा पूजा की तैयारियां समय पर पूरी करने की मांग
By Team orangehindi

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने सौंपा 12 सूत्री मांग पत्र, सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने पर दिया जोर
लोहरदगा। दुर्गा पूजा को लेकर शहर में तैयारियों को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने नगर परिषद से मूलभूत नागरिक सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग की है। सोमवार को समिति के अध्यक्ष रमेश साहू के नेतृत्व में संरक्षकों एवं जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष अनिल उरांव एवं कार्यपालक पदाधिकारी को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की गई। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में पूजा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी किया जाना जरूरी है।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने समिति के पदाधिकारियों का चुनरी भेंटकर स्वागत किया। वहीं केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश साहू ने भी नगर परिषद अध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी को चुनरी भेंटकर सम्मानित किया। दोनों पक्षों के बीच दुर्गा पूजा के दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई।
समिति अध्यक्ष रमेश साहू ने कहा कि दुर्गा पूजा लोहरदगा की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रमुख पर्व है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समिति नगर परिषद एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूजा संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने नगर परिषद से मांग की कि पूजा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मौके पर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री रितेश कुमार उर्फ कुणाल, संरक्षक ओम सिंह, मोहन दुबे, सूरज अग्रवाल, बसंत साहू, सूरज चौरसिया, नीरज साहू समेत समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।