Orange hindi lohardaga live

रांची-लोहरदगा मेमू में कोच बढ़ाने की मांग, सामाजिक विचार मंच ने रेल मंत्री और डीआरएम को भेजा पत्र

By Team Lohardaga live

General

प्रतिदिन हजारों यात्रियों की भीड़, आठ कोच होने से सफर हुआ मुश्किल; 14 कोच करने की उठी मांग

लोहरदगा। रांची-लोहरदगा मेमू ट्रेन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सामाजिक विचार मंच ने कोचों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने भारत सरकार के रेल मंत्री तथा रांची रेल मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर ट्रेन में आठ की जगह 14 कोच लगाने का आग्रह किया है।

पत्र में कहा गया है कि रांची-लोहरदगा मेमू ट्रेन जिले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन साधन है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र, किसान, कर्मचारी, व्यापारी और अन्य यात्री इस ट्रेन से आवागमन करते हैं। वर्तमान में केवल आठ कोच होने के कारण यात्रियों को अत्यधिक भीड़ का सामना करना पड़ता है।

कवलजीत सिंह ने बताया कि कई बार यात्रियों को ठसाठस भरे डिब्बों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे यात्रा असुविधाजनक होने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ जाता है।

सामाजिक विचार मंच ने रेल प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रांची-लोहरदगा मेमू ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाकर 14 की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके। मंच ने इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

और पढ़ें