Orange hindi lohardaga live

बिमरला बॉक्साइट माइंस जल्द शुरू कराने की मांग, ट्रक मालिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

By Team orange hindi

General
बिमरला बॉक्साइट माइंस जल्द शुरू कराने की मांग, ट्रक मालिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक में माइंस संचालन, सड़क और ट्रक परिचालन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

बिमरला बॉक्साइट माइंस जल्द शुरू कराने की मांग, ट्रक मालिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक बक्सीडीपा स्थित कार्यालय में अध्यक्ष कवलजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बिमरला बॉक्साइट माइंस में परिचालन से जुड़े ट्रक मालिकों ने माइंस लंबे समय से बंद रहने और ट्रिप नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।

ट्रक मालिकों ने मांग की कि बिमरला माइंस को जल्द सुचारू रूप से शुरू किया जाए और ट्रिप की संख्या बढ़ाई जाए। बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कंपनी के जीएम और ट्रांसपोर्ट हेड से भी बात की। कंपनी की ओर से सोमवार को एसोसिएशन के साथ बैठक करने की बात कही गई, जिसमें आगे की स्थिति पर निर्णय होने की उम्मीद है।

एसोसिएशन ने गुरदरी माइंस में ट्रिप व्यवस्था में सुधार तथा बिमरला माइंस की सड़क की मरम्मती जल्द पूरी कराने की मांग भी रखी। एसोसिएशन का कहना है कि माइंस बंद रहने की अवधि में भी सड़क की मरम्मती का काम पूरा नहीं हो सका है।

बैठक में लोहरदगा डीएमओ और माइनिंग इंस्पेक्टर की कार्रवाई को लेकर भी ट्रक मालिकों ने आपत्ति जताई। एसोसिएशन का आरोप है कि माइंस से दूरी निर्धारित करने में वास्तविक सड़क दूरी के बजाय अलग तरीके से दूरी तय की जा रही है, जिसके कारण वाहनों के लिए कम समय निर्धारित हो रहा है और समय सीमा पार होने पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। एसोसिएशन ने इन आरोपों की जांच और दूरी व समय निर्धारण की समीक्षा की मांग की है।

एसोसिएशन के अनुसार मामले को लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं संगठन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू से भी बातचीत की गई है। उन्होंने उपायुक्त से मामले में बातचीत करने और समस्या के समाधान का प्रयास करने की बात कही है।

एसोसिएशन ने कहा कि यदि जब्त ट्रकों को नियमानुसार नहीं छोड़ा गया और समय एवं दूरी निर्धारण से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ, तो ट्रक परिचालन बंद कर आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव रहमान अंसारी, सहसचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जतुर मुंडा, मुंतज़िर आलम, महेंद्र प्रसाद साहू, मोहम्मद राजू, इम्तियाज उर्फ बबलू, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में ट्रक मालिक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें