लोहरदगा में नन बैंकिंग कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन, पीड़ितों ने निकाला जुलूस
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा में नॉन बैंकिंग कंपनियों के खिलाफ पीड़ितों ने किया प्रदर्शन
लोहरदगा। जिले के समाहरणालय मैदान में झारखंड नवनिर्माण दल और ननबैंकिंग पीड़ित मंच के बैनर तले नन बैंकिंग कंपनियों द्वारा आम लोगों के गबन की गई राशि की मांग को लेकर पीड़ितों ने प्रदर्शन कर शहरी क्षेत्र में जुलूस निकाला।
पीड़ितों का आरोप है कि जिले के कई इलाकों में दर्जनों नन बैंकिंग कंपनियों ने आम लोगों को ज्यादा लाभ देने का आश्वासन देकर एजेंटों के माध्यम से निवेश कराया और दो साल के बाद कंपनी के ऑफिस बंद कर भाग गईं। अब पीड़ित आम नागरिक अपने जमापूंजी की वापसी के लिए लगातार मांग कर रहे हैं।
*सहारा इंडिया और एपी अलायन्स समेत कई कंपनियों पर धोखाधड़ी का आरोप*
प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर सहारा इंडिया, एपी अलायन्स, साईं प्रकाश, विश्वामित्र जैसी नन बैंकिंग कंपनियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया और अपने जमापूंजी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने लोहरदगा उपायुक्त को राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देकर राज्य सरकार से कंपनियों पर दबाव डालकर गरीब लोगों का पैसा वापसी करने की मांग की है।
*राज्य भर में आंदोलन की चेतावनी*
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे राज्य भर में आंदोलन करेंगे। ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट पार्टी के झारखंड प्रभारी विजय सिंह और पीड़ित रंथू उरांव ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे प्रदर्शन जारी रखेंगे।
