Orange hindi lohardaga live

नीट पेपर लीक मामले पर संसद परिसर के बाहर कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन

By Team Lohardaga live

political
प्रदर्शन करते कांग्रेस के सांसद

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, प्रदर्शन में सांसद सुखदेव भगत भी हुए शामिल

A

नई दिल्ली/लोहरदगा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर इंडिया गठबंधन के सांसदों ने बुधवार को संसद भवन के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। काली शर्ट पहनकर प्रदर्शन कर रहे सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र कठिन परिश्रम के साथ परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन अनियमितताओं के कारण उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

सांसद ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी सड़क से लेकर संसद तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने नीट पेपर लीक के विरोध में नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।