Orange hindi lohardaga live

संसद परिसर में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

By Team Lohardaga live

political
संसद परिसर में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

बोले- लोकतंत्र और जनता के अधिकारों पर हो रहा हमला, छात्रों के मुद्दे पर गृह मंत्री से मांगा जवाब

नई दिल्ली/लोहरदगा। संसद भवन परिसर में गुरुवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों ने केंद्र सरकार की नीतियों और विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए। सांसदों ने बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा विभिन्न मुद्दों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और आम जनता के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाता रहेगा और जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रहेगा।

सांसद भगत ने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के साथ हुई कथित बर्बर कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। उनका कहना है कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन कार्य करती है और गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपती है। ऐसे में इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री को सदन में जवाब देना चाहिए। सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे रही है।

प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल जवाबदेही और कार्रवाई की मांग की।

और पढ़ें