संसद परिसर में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, छात्र आंदोलन और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर सरकार को घेरा
By Team orange hindi

प्रदर्शन में शामिल हुए सांसद सुखदेव भगत, छात्र आंदोलन पर कार्रवाई और चंदा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
नई दिल्ली/लोहरदगा। संसद भवन परिसर में सोमवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और राम मंदिर के नाम पर चंदा संग्रह से जुड़े आरोपों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। इस प्रदर्शन में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। साथ ही राम मंदिर के नाम पर चंदा संग्रह से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि छात्रों की मांगों का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। उनका आरोप था कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
राम मंदिर चंदा मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार के वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं, तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के सांसदों ने छात्र आंदोलन से जुड़े घटनाक्रम की जवाबदेही तय करने तथा राम मंदिर चंदा मामले में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।