Orange hindi lohardaga live

कुडू अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

By Team orange hindi

Administrative
कुडू अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

राजस्व मामलों के समयबद्ध निष्पादन और अभिलेखों को अद्यतन रखने का दिया निर्देश

कुडू अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने शनिवार को कुडू अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंजियों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कार्यालय में स्वीकृत एवं कार्यरत कर्मियों की संख्या, उपस्थिति और उनके दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने आगत-निर्गत पंजी, उपस्थिति पंजी, सेवा पुस्तिका, आकस्मिक अवकाश पंजी सहित अन्य अभिलेखों के संधारण की स्थिति की भी जांच की।

राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान नामांतरण, भूमि सीमांकन, ऑनलाइन पंजी-2 में प्रविष्टि एवं सुधार तथा अन्य लंबित मामलों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी लंबित मामलों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र से जुड़े आवेदनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए। आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि अंचल कार्यालय आम लोगों से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यालय है। इसलिए सभी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी पंजियों एवं अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन और व्यवस्थित रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने का निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी कुडू अंगार नाथ स्वर्णकार, अंचल अधिकारी संतोष उरांव सहित अंचल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

और पढ़ें