Orange hindi lohardaga live

उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, सभी योजनाओं के आवंटन का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने पर जोर

By Team Lohardaga live

Agriculture
कृषि विभाग की बैठक करते उपायुक्त व अन्य अधिकारी

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उपलब्ध आवंटन और उनके वितरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बीज विनिमय योजना के तहत रबी मौसम के लिए गेहूं, चना एवं सरसों के बीज के आवंटन एवं वितरण की स्थिति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी बीजों का शत-प्रतिशत वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही फसल विस्तार योजना, डेमोन्स्ट्रेशन कार्यक्रम एवं एनएफएसएम के तहत प्राप्त आवंटन व वितरण की भी समीक्षा की गई। कृषि मेला-सह-कर्मशाला, भ्रमण, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन, पुरस्कार एवं प्रचार-प्रसार से संबंधित मदों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त ने एग्रीक्लिनिक की सेवाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों को इन सेवाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए व्यापक स्तर पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

फसल सुरक्षा योजना, कृषि प्रयोगशाला सुदृढ़ीकरण, अम्लीय मिट्टी सुधार योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

जिला स्तरीय समिति की बैठक में पीएम-कुसुम योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। स्क्रूटनी में सही पाए गए आवेदनों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया, जबकि निरस्त किए गए आवेदनों की पुनः जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, पशु टीकाकरण, पशु चिकित्सा सेवाओं तथा बैलों की जोड़ी योजना की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

गव्य विकास योजना अंतर्गत दो, पाँच एवं दस गाय योजना के तहत लाभुकों को किए गए डीबीटी भुगतान की समीक्षा करते हुए योजनानुसार गायों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

सहकारिता विभाग को निर्देश दिया गया कि जिन पंचायतों में लैम्प्स-पैक्स अभी तक सक्रिय नहीं हैं, वहां इन्हें तत्काल क्रियाशील किया जाए तथा इनके माध्यम से बीज उठाव एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उद्यान विभाग को विभिन्न योजनाओं में लाभुकों के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

भूमि संरक्षण विभाग को प्राप्त लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह स्पष्ट कहा गया कि सभी विभाग अपने-अपने आवंटन का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की, जिला गव्य विकास पदाधिकारी वशिष्ठ सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी रमेश उरांव, जिला उद्यान पदाधिकारी सौरभ लोहानी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी तथा कृषक पाठशाला कुडू के निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।