उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता पर दिए कड़े निर्देश
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। छठ महापर्व को लेकर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने आज नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने विक्टोरिया तालाब, ठकुराइन तालाब, शंख नदी स्थित छठ घाट, सिठियो स्थित कोयल नदी छठ घाट तथा भक्सो छठ घाट का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि 27 और 28 अक्टूबर को क्रमशः संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पूजा समितियां पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. ताराचंद ने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अर्घ्य के समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए और गहरे पानी में किसी को उतरने से रोका जाए।
उन्होंने पूजा समितियों को घाटों पर वॉलंटियर्स की तैनाती, गोताखोरों की व्यवस्था, तथा साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को दंडाधिकारियों और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों और स्थानीय लोगों ने भी अपने सुझाव उपायुक्त को दिए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, नगर प्रशासक मुक्ति किड़ो, छठ पूजा समितियों के सदस्य, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
