Orange hindi lohardaga live

पंचायत कर गोइठ कार्यक्रम में उपायुक्त ने दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश रबी फसल, धान बिक्री, फसल बीमा और शिक्षा पर विशेष जोर

By Teem Lohardaga live

Administrative
पंचायत कर गोईठ कार्यक्रम में शामिल उपयुक्त व अन्य अधिकारी

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में आयोजित “पंचायत कर गोइठ” कार्यक्रम के 16वें संस्करण में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कुरीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने उपस्थित मुखियाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हालिया बारिश से जिले के सभी तालाब और कुएं पानी से भरे हुए हैं, जिसका लाभ किसान रबी सीजन में अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि गेहूं, सरसों, चना सहित अन्य फसलों के बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं, जिससे उत्पादन में वृद्धि संभव है।

फसल बीमा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, किसान जरूर कराएं आवेदन

उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल का बीमा अवश्य कराएं। मात्र 1 रुपये टोकन मनी देकर किसान प्रज्ञा केंद्र में फसल बीमा करा सकते हैं। बीमा के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित है। फसल क्षति की स्थिति में 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिले में तिलहन और दलहन फसलों की बड़ी संभावना है, जिनकी वर्षभर बाजार में अच्छी मांग रहती है।

माध्यमिक और इंटर परीक्षा महत्वपूर्ण, बच्चों की पढ़ाई पर दें ध्यान

उपायुक्त ने कहा कि फरवरी महीने में आयोजित होने वाली माध्यमिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा छात्रों के भविष्य से जुड़ी है। सभी मुखिया अपने क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने पंचायत स्तर पर शिक्षा समिति और स्वास्थ्य समिति की नियमित बैठक करने की बात कही।

साथ ही गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही बेचें अपना धान, मिलेगा उचित मूल्य

जिले में 24 अधिप्राप्ति केंद्रों की स्थापना की गई है, जहां जल्द ही किसानों से धान खरीदा जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि सरकार किसानों को उचित और बेहतर मूल्य प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए किसान निर्धारित केंद्रों पर ही अपना धान बेचें।

कुरीतियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी मुखियाओं को अपने पंचायत में डायन प्रथा, बाल विवाह और नशा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन हेतु नियमित अभियान, जागरूकता एवं बैठक करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही आधार पंजीकरण/अपडेशन, आयुष्मान कार्ड निर्माण और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लिए विशेष शिविर लगाने का निर्देश प्रखंड और अंचल अधिकारियों को दिया।

आज की बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड और अंचल अधिकारी, मुखिया और पंचायत सचिव कार्यक्रम से जुड़े रहे।