Orange hindi lohardaga live

उपायुक्त ने किया फुलड्रेस परेड रिहर्सल का निरीक्षण

By Team Lohardaga live

Administrative
परेड का निरीक्षण करते उपायुक्त

बीएस कॉलेज स्टेडियम में गणतंत्र दिवस परेड का फाइनल अभ्यास

लोहरदगा। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले परेड कार्यक्रम का फाइनल फुलड्रेस रिहर्सल शनिवार को बीएस कॉलेज स्थित स्टेडियम मैदान में किया गया। रिहर्सल का निरीक्षण उपायुक्त डॉ. ताराचंद एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने किया।

परेड में जिला आरक्षी बल, महिला पुलिस बटालियन, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने परेड की अनुशासन, समन्वय एवं प्रस्तुति का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन एवं माल्यार्पण कार्यक्रम

गणतंत्र दिवस 2026 के दिन सुबह 7.15 बजे उपायुक्त आवास में उपायुक्त द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात नगर परिषद क्षेत्र लोहरदगा में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा सुबह 7.45 बजे से 8.15 बजे तक माल्यार्पण किया जाएगा।

समाहरणालय परिसर लोहरदगा में उपायुक्त द्वारा सुबह 10.40 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सुबह 10.45 बजे पुलिस अधीक्षक द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। उप विकास आयुक्त द्वारा पुराने डीआरडीए कार्यालय में सुबह 10.50 बजे तथा अनुमंडल कार्यालय लोहरदगा में सुबह 11.00 बजे अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा।

मुख्य समारोह की मुख्य अतिथि होंगी शिल्पी नेहा तिर्की

बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 9.00 बजे ध्वजारोहण करेंगी। इससे पूर्व सुबह 8.45 बजे उनका सैल्यूटिंग बेस पर आगमन होगा और परेड का निरीक्षण किया जाएगा।

कार्यक्रम में ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान, मार्च पास्ट, मुख्य अतिथि का संबोधन तथा विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में पारितोषिक वितरण, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।

सांस्कृतिक संध्या का भी होगा आयोजन

गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार की शाम 6 बजे से नया नगर भवन में जिला प्रशासन की ओर से सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य समारोह के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त द्वारा उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण एवं रिहर्सल के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।