एकलव्य विद्यालयों की शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवस्था की उपायुक्त ने की समीक्षा
By Team orangehindi

पेशरार विद्यालय के आधारभूत ढांचे का पहला चरण नवंबर तक पूरा कराने का निर्देश, कुजरा बालिका विद्यालय की सीबीएसई संबद्धता में तेजी पर जोर
लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले के कैरो, किस्को, लोहरदगा, पेशरार और सेन्हा स्थित पांच एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में विद्यालयों की स्वीकृत क्षमता के विरुद्ध नामांकन, संचालित कक्षाएं, भवन एवं आधारभूत संरचना, सीबीएसई संबद्धता, नामांकन प्रक्रिया तथा एनईएसटीएस के दिशा-निर्देश के अनुरूप कक्षावार और कोटिवार सीटों की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने पेशरार स्थित विद्यालय के आधारभूत संरचना के प्रथम चरण का कार्य नवंबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विद्यालयों में दूसरे चरण के कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, कुजरा की सीबीएसई संबद्धता की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बैठक में 10वीं और 12वीं के पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने 12वीं की आगामी वार्षिक परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की योजनाबद्ध तैयारी कराने तथा सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया।
नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों के घर जाकर स्थिति की जानकारी लेने, काउंसलिंग करने और अभिभावकों के साथ नियमित बैठक करने को कहा गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एनईएसटीएस के दिशा-निर्देश के अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच, मेडिकल रजिस्टर का संधारण और सिकल सेल की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। छूटे हुए विद्यार्थियों का आभा आईडी बनाने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
भोजन व्यवस्था को लेकर निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, मेस निरीक्षण, खाद्यान्न भंडार एवं खपत तथा भोजन संबंधी शिकायतों के लिए अलग-अलग रजिस्टर संधारित करने और मेस की प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला और विद्यालय स्तर पर लंबित समितियों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा गया।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर सहित सभी पांच एकलव्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक-प्रधानाध्यापिका एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।