Orange hindi lohardaga live

महीनों से भटक रही विक्षिप्त महिला को मिला सहारा, लोहरदगा से रिनपास भेजा गया

By Teem Lohardaga live

Administrative
विक्षिप्त महिला को रिनपास भेजते डीएलएसए सचिव व अन्य

डालसा, महिला थाना और पीएलवी टीम की तत्परता से जरूरतमंद महिला को मिला उपचार और सुरक्षित ठिकाना

लोहरदगा। लोहरदगा महिला कॉलेज और बड़ा तालाब के आसपास महीनों से भटक रही एक विक्षिप्त महिला को अंततः उपचार और सुरक्षित आश्रय मिल गया। पीएलवी इजहार अहमद के प्रयास और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सहयोग से उसे रांची के रिनपास भेजा गया।

दिनांक 26 नवंबर को पीएलवी इजहार अहमद द्वारा महिला को किसी तरह सखी वन स्टॉप सेंटर, लोहरदगा लाया गया। महिला थाना कर्मी नीलम तिर्की की मदद से उसे नहलाया गया और भोजन कराया गया। बातचीत की कोशिशों के दौरान महिला केवल “भात दो, भात” ही कह रही थी। महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम ने मानवीय पहल करते हुए उससे संवाद स्थापित करने का प्रयास किया, जिससे पता चला कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

इसके बाद पीएलवी इजहार अहमद और थाना प्रभारी के सहयोग से सदर अस्पताल, लोहरदगा में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। जिला चिकित्सा पदाधिकारी और एसडीपीओ की अनुशंसा मिलने के बाद 28 नवंबर को सब इंस्पेक्टर कामदेव विश्वकर्मा एवं महिला थाना बल के सहयोग से महिला को रांची स्थित मनोचिकित्सा संस्थान ‘रिनपास’ भेजा गया।

रवाना करने के दौरान डालसा सचिव राजेश कुमार ने महिला को फल, मिठाई और ठंड से बचाव के लिए कंबल प्रदान किया। उन्होंने इस संवेदनशील पहल में शामिल पीएलवी इजहार अहमद, महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम, सब इंस्पेक्टर कामदेव विश्वकर्मा, महिला थाना बल और सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम की सराहना की।