Orange hindi lohardaga live

मोदी सरकार के 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण को मिली नई दिशा : समीर उरांव

By Team Lohardaga live

political
प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित भाजपाई

लोहरदगा-धर्मजयगढ़ रेल परियोजना की स्वीकृति को बताया बड़ी उपलब्धि, झारखंड सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी जिला लोहरदगा की ओर से स्थानीय होटल में "12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

समीर उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, वन धन विकास केंद्र तथा छात्रवृत्ति योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे जनजातीय समाज का सशक्तिकरण हुआ है।

उन्होंने झारखंड में रेलवे, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि लोहरदगा-धर्मजयगढ़ 293 किलोमीटर रेल परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए जनप्रतिनिधियों ने लगातार प्रयास किए और वे स्वयं भी राज्यसभा सदस्य रहते हुए इस मुद्दे को कई बार सदन में उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोहरदगा से राजधानी जैसी ट्रेन का परिचालन भी केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

समीर उरांव ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कई विकास योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होंने हर घर नल जल योजना में अनियमितताओं और अधूरी सड़कों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के कार्यों पर सवाल उठाए।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश सिंह, श्रीचंद प्रजापति, रिपुसूदन साहू, राजीव रंजन अग्रवाल, पशुपति नाथ पारस, मिथुन तमेड़ा, मनीष शिखर, सुरेश बैठा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।