अदावा जमा निस्तारण के लिए DFS और RBI ने लगाया जागरूकता शिविर
By Team Lohardaga live

जिला परिषद सभागार में दी गई जानकारी
लोहरदगा। वित्तीय सेवाएँ विभाग (DFS) और भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने संयुक्त रूप से जिला परिषद सभागार, लोहरदगा में अदावा जमा यानी ऐसे बैंक खातों के बारे में जागरूकता शिविर लगाया जिन पर लंबे समय से किसी ने दावा नहीं किया है। इस शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके भूले-बिसरे खातों और जमा पैसों की जानकारी देना और उन्हें आसानी से वापस दिलाना था।
शिविर में RBI की उप महाप्रबंधक विमला भगत, इसएलबीसी के उप महाप्रबंधक संतोष कुमार सिन्हा, RBI के सहायक महाप्रबंधक अरविंद एक्का, अग्रणी जिला प्रबंधक नितिन किशोर, आरसेटी के निदेशक सुरेश भगत, डीडीएम नाबार्ड तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि बचत खाता, चालू खाता, एफडी, आरडी या किसी भी लंबे समय से बंद पड़े खाते में रखे अदावा जमा को कैसे खोजा जा सकता है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज और दावा करने की प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाया गया।
लोगों को RBI के उदगम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन खोज और दावा पंजीकरण करने का तरीका भी दिखाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि DFS और RBI का मकसद है कि वर्षों से बिना उपयोग पड़े जमा पैसे सही व्यक्ति तक जल्दी और सुरक्षित पहुँचें। शिविर में आए कई लोगों की समस्याओं का वहीं समाधान किया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित बैंक शाखाओं को भेज दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों और दिवंगत खाताधारकों के परिजनों ने बड़ी संख्या में शिविर में पहुँचकर लाभ उठाया। RBI ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय-समय पर अपने बैंक खातों की जाँच करते रहें और अदावा जमा से संबंधित जानकारी के लिए उदगम पोर्टल का उपयोग करें।
