राष्ट्रीय अंडर-25 इमर्जिंग टीम में धनबाद के कुनैन कुरैशी का चयन, झारखंड में खुशी की लहर
By Team Lohardaga live

लगातार शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम, हाजी अफसर कुरैशी बोले—कुनैन की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायक
लोहरदगा। झारखंड के क्रिकेट जगत के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। धनबाद के युवा क्रिकेटर कुनैन कुरैशी का चयन राष्ट्रीय अंडर-25 इमर्जिंग मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से धनबाद सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, क्रिकेट से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
कुनैन कुरैशी ने लगातार बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। उनका चयन झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि वह आगामी मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
चयन की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर शुरू हो गया। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कुनैन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कुरैश कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जमैतुल कुरैश 84 पंचायत झारखंड के अध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी ने कहा कि कुनैन कुरैशी ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाकर पूरे समाज, धनबाद और झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ कोई भी युवा अपनी मंजिल हासिल कर सकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुनैन आगामी टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे और अपने खेल से देश, राज्य तथा धनबाद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगे। साथ ही पूरे कुरैश समाज की ओर से उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
