दिल्ली में खड़गे से मिले धीरज प्रसाद साहू, झारखंड कांग्रेस को सशक्त करने पर हुई चर्चा
By Team Lohardaga live

संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति और जमीनी विस्तार को लेकर विस्तृत संवाद
लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान झारखंड प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस मुलाकात को झारखंड में कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
भेंट के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन ने संगठन के प्रति उनके समर्पण और सेवा की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और विचारधारा की सशक्त आवाज है, जिसे जन-जन तक ले जाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
श्री साहू ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का लक्ष्य सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना है। आने वाले समय में संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को और संगठित किया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और किसानों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड में संगठन की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता का विश्वास है। सभी को टीम भावना के साथ संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करना होगा।
इस मुलाकात को झारखंड कांग्रेस में नई ऊर्जा और नई रणनीतिक गति का संकेत माना जा रहा है।
