रूपी सोरेन के निधन पर धीरज प्रसाद साहू ने दी श्रद्धांजलि
By Team orangehindi

मां का साया उठना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति : धीरज प्रसाद साहू
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वे रांची पहुंचकर शोकाकुल सोरेन परिवार से मिले और अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मां का निधन परिवार के लिए कभी न भर पाने वाली कमी छोड़ जाता है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन संतान के जीवन में हमेशा संबल और प्रेरणा का स्रोत रहता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का जीवन पारिवारिक संस्कारों, सादगी और मानवीय मूल्यों से जुड़ा रहा। उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।