Orange hindi lohardaga live

डायमंड क्रिकेट क्लब बना ए डिविजन क्रिकेट लीग का विजेता

By Team Lohardaga live

Sport
विजेता टीम

लोहरदगा। लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित ए डिविजन क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में डायमंड क्रिकेट क्लब ने सीटीसीए को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। स्थानीय बी.एस. कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 35 ओवरों के इस निर्णायक मुकाबले में दर्शकों ने रोमांचक खेल का आनंद लिया।

फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीटीसीए ने निर्धारित ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 206 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। शुरुआती झटकों के बाद 35 रन पर चार विकेट गिरने से टीम संकट में थी, लेकिन प्रेम कुमार की शानदार शतकीय पारी (101 रन) और अभिषेक राठौर के 32 रनों ने टीम को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 96 रनों की अहम साझेदारी निभाई। डायमंड क्रिकेट क्लब की ओर से गौरव कुमार तिवारी ने दो, जबकि युवराज कुमार और आशुतोष मिश्रा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए डायमंड क्रिकेट क्लब की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम 164 रन पर छह विकेट खोकर दबाव में आ गई थी। इसके बाद कृष्णा शाही की 74 रनों की महत्वपूर्ण पारी, युवराज कुमार की 18 गेंदों पर 30 रन, हर्षवर्धन कुमार की 28 गेंदों पर 30 रन और आशुतोष मिश्रा के 24 रनों ने टीम को चार विकेट से विजय दिला दी।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। फाइनल के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डायमंड क्रिकेट क्लब के कृष्णा शाही को मिला। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज प्रिंस सिन्हा, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज आर्यन कुमार साहू, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक हर्षवर्धन कुमार तथा मैन ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान हिमांशु रंजन कुमार को मिला। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 3100 रुपये और उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 2100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव आलोक राय, कोषाध्यक्ष नेयाज मल्लिक, वरीय उपाध्यक्ष रथींद्रनाथ राय, किशोर कुमार वर्मा, उपसचिव प्रवीण कुमार प्रसाद, दुर्गा प्रजापति कमेटी के सदस्य प्रमोद वर्मा, मुकेश दुबे, दिनेश अग्रवाल, अमित कुमार, जयजीत चौबे, मुकेश शर्मा, सुकेश शर्मा, तुषार, मतीश तथा प्रकाश उपस्थित थे। मंच संचालन आकाश कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नेयाज मल्लिक ने दिया।