Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में मतदाता गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन 100 फीसदी पूरा

By Team Lohardaga live

Administrative
लोहरदगा में मतदाता गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन 100 फीसदी पूरा

एसआईआर-2026 के तहत 2.93 लाख से अधिक मतदाताओं के प्रपत्र हुए डिजिटल, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

लोहरदगा। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 72-लोहरदगा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले के कुल 2,93,871 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक टीम, बूथ स्तर के कर्मियों और आम मतदाताओं के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, बीएलओ पर्यवेक्षकों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट, समाजसेवियों और जिले के सभी मतदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि सभी की सक्रिय भागीदारी और समन्वित प्रयासों के कारण डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर शत-प्रतिशत पूरा किया जा सका। उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद आगामी 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने एक बार फिर सभी संबंधित विभागों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, मीडियाकर्मियों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसआईआर-2026 के इस महत्वपूर्ण चरण को सफल बनाने में सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

और पढ़ें