Orange hindi lohardaga live

डायट चीरी में दीक्षा ई-कंटेंट निर्माण प्रशिक्षण का हुआ समापन

By Team Lohardaga live

Education
ई-कंटेंट निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी के साथ प्रशिक्षणार्थी

तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सात प्रखंडों के 28 शिक्षकों ने सीखी डिजिटल शिक्षण की तकनीक

लोहरदगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चीरी, लोहरदगा में आयोजित तीन दिवसीय दीक्षा ई-कंटेंट निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। प्राचार्य अभिजीत कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी सात प्रखंडों से कुल 28 शिक्षकों ने भाग लिया। प्रत्येक प्रखंड से चार-चार शिक्षकों को डिजिटल शिक्षण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल माध्यमों के जरिए ई-कंटेंट तैयार करने, विभिन्न शिक्षण एप्स के उपयोग, दीक्षा पोर्टल पर शैक्षणिक सामग्री अपलोड करने तथा तकनीक आधारित शिक्षण विधियों से परिचित कराना था। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को डिजिटल लर्निंग के नवीन तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षक श्याम बिहारी महतो, महबूब आलम, पंकज कुमार सिंह एवं रिसोर्स पर्सन शुभम साहू ने बताया कि दीक्षा पोर्टल देशभर में डिजिटल लर्निंग का एक प्रमुख मंच बन चुका है। इस पोर्टल पर वीडियो लेसन, क्विज, गतिविधि आधारित सामग्री एवं विषयवार मॉड्यूल उपलब्ध हैं। शिक्षक अपने स्तर से भी सामग्री तैयार कर इस प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर सकते हैं, जिससे विद्यार्थियों को स्थानीय संदर्भों पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री मिल सके।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को मोबाइल एवं लैपटॉप के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट निर्माण, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, एडिटिंग, ग्राफिक्स एवं प्रस्तुति निर्माण की जानकारी दी गई। प्रथम दिन प्रतिभागियों को ई-कंटेंट निर्माण की मूलभूत तकनीक, स्टोरीबोर्डिंग एवं स्क्रिप्ट राइटिंग के बारे में विस्तार से बताया गया। उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया गया कि किस प्रकार सामान्य विषयों को भी रोचक डिजिटल सामग्री में बदला जा सकता है।

दूसरे दिन डायट प्राचार्य की उपस्थिति में व्यावहारिक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों ने स्वयं कंटेंट तैयार कर दीक्षा प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी की। अंतिम दिन मूल्यांकन एवं फीडबैक के उपरांत जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें डिजिटल शिक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डायट के संकाय सदस्यों के साथ-साथ शिक्षकेतर कर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।