Orange hindi lohardaga live

बच्चियों के सर्वांगीण विकास की नींव है अनुशासन : बीईओ राजीव रंजन

By Team orangehindi

Education
बच्चियों के सर्वांगीण विकास की नींव है अनुशासन : बीईओ राजीव रंजन

केजीबीवी कुजरा में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न, छात्राओं ने सीखे जीवनोपयोगी कौशल

लोहरदगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सीएम एसओई उच्च विद्यालय कुजरा में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की ओर से आयोजित पांच दिवसीय द्वितीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजीव रंजन ने छात्राओं को अनुशासन का महत्व बताते हुए प्रशिक्षण से मिली सीख को जीवन में अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स छात्राओं को समाज निर्माण, रचनात्मक कार्यों और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करता है। इससे उनमें आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।

जिला सचिव शैलेंद्र कुमार सुमन ने कहा कि विद्यालय में आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा से छात्राओं में अनुशासन और सीखने के प्रति उत्साह बढ़ा है। केजीबीवी कुजरा में पहली गाइड यूनिट की स्थापना गौरव की बात है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने कई उपयोगी तकनीकी कौशल भी सीखे।

जिला संगठन आयुक्त सह झारखंड स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर गौतम लेनिन ने कहा कि स्काउटिंग विश्व बंधुत्व और आपसी सहयोग का संदेश देती है। इसका उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, आत्मनिर्भरता और सामाजिक चेतना विकसित करना है। उन्होंने जिले के अधिकाधिक विद्यालयों में स्काउट्स एंड गाइड्स की इकाइयां शुरू करने की बात कही।

जिला कोषाध्यक्ष मुमताज अहमद ने कहा कि प्रशिक्षण छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण में सहायक होगा। विद्यालय की वार्डेन सोनी स्मिता एक्का ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए आभार जताते हुए छात्राओं को निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में शिक्षिकाएं उर्सुला कुजूर, मेनका प्रजापति, मनीषा लकड़ा और रीता कुमारी सहित अन्य उपस्थित थीं। प्रशिक्षण में पिंकी साहू और उर्सुला कुजूर ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई।

और पढ़ें