Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में दिशा समिति की बैठक: सांसद सुखदेव भगत ने विभागों को दिए सख्त निर्देश, सड़क, स्वास्थ्य, राशन और खनन मुद्दों पर हुई समीक्षा

By Team Lohardaga live

Administrative
दिशा की बैठक में शामिल सांसद सुखदेव भगत व विधायक डॉ रामेश्वर उरांव

सदर अस्पताल में उपकरणों की उपलब्धता, पीवीटीजी परिवारों को नियमित राशन, सड़क निर्माण की गुणवत्ता और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान पर विशेष जोर

लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सांसद ने जनवितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा विशेष रूप से पीवीटीजी परिवारों को नियमित रूप से राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने सदर अस्पताल में डिजिटल ब्लड प्रेशर मशीन और एक्स-रे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया।

ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल को जीमा चौक-बराटपुर, मन्हो मोड़ तथा भक्सो एने नदी नगरा से बाघी तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। सांसद ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। बाघा क्षेत्र में पुल निर्माण सहित अन्य आवश्यक विकास योजनाओं की जांच कराने का भी निर्देश दिया गया।

कृषि विभाग को खरीफ 2026 के लिए धान बीज का समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग को आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र भुगतान करने तथा विशेष परिस्थितियों में आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों का त्वरित निर्गमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नगर परिषद की समीक्षा के दौरान सफाई कर्मियों के लंबित मजदूरी भुगतान, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा चुंगी वसूली के लिए निर्धारित स्थल चिन्हित करने और वेंडिंग रेट चार्ट के अनुरूप ही कर वसूली करने के निर्देश दिए गए।

खनन प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज को पाखर क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और खनन समाप्ति के बाद निर्धारित पर्यावरणीय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मत्स्यपालकों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, चुन्नीलाल प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्रों के लिए अतिरिक्त कैंपस की व्यवस्था करने तथा नदिया स्थित आवासीय फुटबॉल कोचिंग सेंटर के खिलाड़ियों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। नदिया मिनी फुटबॉल स्टेडियम में गैलरी निर्माण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश भी दिया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को कुडू क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण एवं संरचनाओं के मुआवजा भुगतान की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। वहीं मनरेगा के तहत सामग्री एवं मजदूरी भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

खनन विभाग को बालू स्टॉक की जांच करने तथा एनजीटी के नियम लागू होने के बाद पुनः सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य आवास योजनाओं के लाभुकों को बालू उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

वन विभाग को हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने, सुरक्षा किट वितरण करने तथा लोगों को सतर्कता संबंधी जानकारी देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कुडू-सुंदरू सड़क की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल सहित दिशा समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।