लोहरदगा में दिशा की बैठक, विकास कार्यों की हुई सघन समीक्षा
By Team Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला परिषद सभाकक्ष में बैठक आयोजित
लोहरदगा। जिला परिषद सभाकक्ष में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान नगर परिषद, स्वास्थ्य, सड़क, खाद्य आपूर्ति, आवास योजना, बिजली आपूर्ति, शिक्षा सहित जिले में संचालित करीब 32 विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। इस दौरान यह भी आकलन किया गया कि सरकारी योजनाएं आम लोगों तक किस हद तक पहुंच रही हैं और उन्हें वास्तविक लाभ मिल रहा है या नहीं।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
सांसद सुखदेव भगत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए लाभुकों तक समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना होगा।
अधूरे कार्यों पर जताई नाराजगी
दिशा की बैठक के दौरान कई विभागों के अधूरे कार्यों और उदासीन रवैये को लेकर सांसद ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिले के विकास को लेकर सख्त रुख
बैठक के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जिले के समग्र विकास को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है। विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और उनका लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
