रोजगार की मांग को लेकर उपायुक्त से मिले बॉक्साइट डंपिंग यार्ड के विस्थापित मजदूर
By Team orangehindi

पावरगंज डंपिंग यार्ड बंद होने से आजीविका संकट का हवाला, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
लोहरदगा। पावरगंज स्थित बॉक्साइट डंपिंग यार्ड के विस्थापित मजदूरों ने रोजगार बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। नगर परिषद लोहरदगा के अध्यक्ष अनिल उरांव के नेतृत्व में पहुंचे मजदूरों ने कहा कि करीब 17 वर्षों से संचालित डंपिंग यार्ड को अचानक बंद किए जाने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
मजदूरों का कहना है कि डंपिंग यार्ड बंद होने के बावजूद हिंडाल्को कंपनी का रोपवे संचालन जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण प्रदूषण का हवाला देकर स्थानीय मजदूरों को काम से वंचित किया जा रहा है, जबकि हेसल स्थित बॉक्साइट डंपिंग यार्ड में मजदूरों को काम करने की अनुमति दी जा रही है। मजदूरों ने इसे उनके साथ भेदभाव बताते हुए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।
मजदूरों ने कहा कि काम बंद होने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पाने और परिवार के सदस्यों के इलाज में परेशानी होने की बात भी उन्होंने ज्ञापन में कही।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने उपायुक्त से मजदूरों की स्थिति को देखते हुए कंपनी से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कंपनी की ओर से क्षेत्र में सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे कार्यों पर भी सवाल उठाए तथा रोपवे और ट्रकों के संचालन से जुड़ी सुरक्षा संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया।
मजदूरों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे रोपवे बंद कराने को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने रोजगार और आजीविका सुनिश्चित कराने की मांग की है।