गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने की बैठक
By Team Lohardaga live

26 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह, परेड, झांकी और सांस्कृतिक संध्या की रूपरेखा तय
लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की समय-सारिणी, कार्यक्रमों की व्यवस्था एवं दायित्वों को लेकर आवश्यक निर्णय लिए गए।
माल्यार्पण व झंडोतोलन का समय निर्धारित
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय में शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण पूर्वाह्न 8.00 बजे से 8.45 बजे के बीच किया जाएगा। मुख्य समारोह में पूर्वाह्न 9.15 बजे मुख्य अतिथि द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रगान उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय, लोहरदगा की छात्राओं द्वारा गाया जाएगा।
समाहरणालय परिसर में पूर्वाह्न 10.45 बजे उपायुक्त, लोहरदगा द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डीआरडीए पुराने कार्यालय परिसर, जिला परिषद, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में झंडोतोलन किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय, बरही में झंडोतोलन उप विकास आयुक्त, लोहरदगा द्वारा किया जाएगा। अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालय प्रधान अपने स्तर से सुविधानुसार समय में झंडोतोलन करेंगे।
परेड में कई टुकड़ियां लेंगी भाग
मुख्य समारोह की परेड में जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ी, सहायक पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी, सीएम उत्कृष्ट नदिया हिन्दू +2 उच्च विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय के एनसीसी, लूथरन उच्च विद्यालय के भारत स्काउट एवं गाइड, उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय के गाइड, डीएवी लोहरदगा एवं केजीबीवी की टुकड़ियां भाग लेंगी।
सफाई, चिकित्सा और यातायात की व्यवस्था
मुख्य समारोह स्थल एवं अन्य प्रमुख स्थानों की साफ-सफाई एवं सजावट की जिम्मेदारी नगर परिषद, लोहरदगा को सौंपी गई है। समारोह के दौरान एंबुलेंस एवं चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन द्वारा की जाएगी। 26 जनवरी को पूर्वाह्न 6.00 बजे से अपराह्न 1.00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
मुख्य समारोह में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, परिवहन, शिक्षा विभाग, स्काउट एवं गाइड तथा हिंडाल्को इंडस्ट्रीज सहित अन्य विभागों की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में बेहतर प्रस्तुति देने का निर्देश दिया गया।
राष्ट्रगान की रिहर्सल एवं छात्राओं से संबंधित सभी दायित्व शिक्षा विभाग को सौंपे गए हैं। बैंड की धुन का पूर्वाभ्यास कराने का भी निर्देश दिया गया। समारोह में वर्ष 2025 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए स्क्रीनिंग करने का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष परेड का रिहर्सल बक्सीडीपा स्थित पुलिस लाइन में ही कराया जाएगा।
26 जनवरी को ही होगी सांस्कृतिक संध्या
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम इस वर्ष 26 जनवरी 2026 को ही आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नया नगर भवन, लोहरदगा में संध्या समय किया जाएगा। बेहतर लाइटिंग एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था नगर परिषद, लोहरदगा द्वारा की जाएगी। साथ ही नगर भवन के कमरों एवं शौचालयों की साफ-सफाई का भी निर्देश दिया गया। पूर्व संध्या के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
