Orange hindi lohardaga live

पीवीटीजी परिवारों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान शुरू

By Team Lohardaga live

Administrative
जागरूकता रथ रवाना करते डीसी व अन्य अधिकारी

“जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत 18 से 25 मई तक दूरस्थ गांवों में लगेंगे विशेष शिविर

लोहरदगा। जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने एवं उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जिला प्रशासन लोहरदगा द्वारा “जन भागीदारी अभियान-सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 18 से 25 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का संचालन जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के निर्देशानुसार किया जा रहा है।

उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

विशेष शिविरों के माध्यम से मिलेगा योजनाओं का लाभ

उपायुक्त ने बताया कि जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल गांवों में विशेष शिविर आयोजित कर पीवीटीजी परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा। शिविरों में पक्का घर, हर घर नल से जल, सड़क, बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, मोबाइल मेडिकल यूनिट, पोषण, आजीविका, मोबाइल नेटवर्क जैसी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा स्वास्थ्य जांच, आधार एवं अन्य दस्तावेज सत्यापन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, शिक्षा, आवास, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

19 से 25 मई तक गांवों में लगेंगे शिविर

उपायुक्त ने जानकारी दी कि 18 मई से “जन भागीदारी सप्ताह” की शुरुआत हो चुकी है। 19 मई से 25 मई तक चयनित गांवों में लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे।

20 मई को चलेगा विशेष “विलेज इमर्शन ड्राइव”

20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक पदाधिकारी एवं आदि कर्मयोगी पीएम जनमन (PM JANMAN) एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के चयनित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा।

21 से 23 मई तक होगी विशेष जनसुनवाई

21 मई से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें शिकायतों एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं 24 मई को अभियान से संबंधित उपलब्धियों एवं फील्ड रिपोर्ट का संकलन किया जाएगा, जिसके बाद उपायुक्त द्वारा अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

उपायुक्त ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पीवीटीजी परिवारों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त के प्रभार में सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।